हरदोई में महिला सिपाही की मौत से सनसनी,फांसी के फंदे पर लटका मिला शव

उप्र के हरदोई जनपद के थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के आलू थोक मोहल्ले में लखनऊ में तैनात महिला सिपाही प्रीति (30) का शव घर के अंदर पंखे से फांसी के फंदे पर लटकता मिलने से सनसनी फैल गई।

हरदोई में महिला सिपाही की मौत से सनसनी,फांसी के फंदे पर लटका मिला शव
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/ जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के आलू थोक मोहल्ले में लखनऊ में तैनात महिला सिपाही प्रीति (30) का शव घर के अंदर पंखे से फांसी के फंदे पर लटकता मिलने से सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची,कमरे को सील कर साक्ष्य जुटाए गए। मृतका 2021 बैच की आरक्षी थी और वर्तमान में थाना इंदिरानगर,लखनऊ में तैनात थी। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

दलित बिरादरी से ताल्लुक रखने वाली बरेली निवासिनी प्रीति ने करीब 12 वर्ष पहले बरेली के ही रहने वाले सौरभ श्रीवास्तव से प्रेम विवाह किया था। दोनों परिवारों की नाराजगी के बाद दंपत्ति समाज और परिजनों से लगभग कटकर हरदोई में सौरभ के चाचा के मकान में रह रहा था।

इसी मकान में महिला सिपाही ने फांसी लगाकर जान दे दी। सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह है कि प्रीति ने महज तीन महीने पहले ही एक बेटी को जन्म दिया था, जिसे मां के बिना छोड़ जाना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है,जिससे आत्महत्या के कारणों पर रहस्य और गहरा गया है। यह कदम घरेलू दबाव का नतीजा है या इसके पीछे कोई और स्याह सच छिपा है,इसको लेकर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

सिटी क्षेत्राधिकारी अंकित मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। परिजन मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं,जबकि यह मौत पुलिस सिस्टम और पारिवारिक हालात पर तीखे सवाल खड़े कर रही है।