फतेहपुर जीआरपी-आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 148 कछुए बरामद

फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कछुआ तस्करी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है।

फतेहपुर जीआरपी-आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 148 कछुए बरामद
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

 फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —

फतेहपुर/जनमत न्यूज। फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कछुआ तस्करी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। स्टेशन परिसर में नियमित चेकिंग के दौरान संयुक्त टीम ने करीब 40 लाख रुपये की अनुमानित कीमत के 148 कछुओं को बरामद किया है। इस मामले में नाबालिग समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, जीआरपी व आरपीएफ की संयुक्त टीम रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों व सामान की जांच कर रही थी। इसी दौरान दो युवक संदिग्ध अवस्था में पाए गए, जिनके पास से बोरों में छुपाकर रखे गए कछुए बरामद किए गए। पूछताछ में सामने आया कि दोनों तस्कर इन कछुओं को पश्चिम बंगाल ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे।

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी जनपद सुल्तानपुर के निवासी बताए जा रहे हैं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। बरामद सभी कछुओं को आवश्यक कार्रवाई के बाद संयुक्त टीम द्वारा वन विभाग को सुपुर्द कर दिया गया है, ताकि उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ा जा सके।

अधिकारियों के अनुसार, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कछुओं की तस्करी गंभीर अपराध है और इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। रेलवे स्टेशन पर सतर्कता और नियमित चेकिंग के चलते इस तस्करी को समय रहते रोक लिया गया, जिससे वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है।