कौशांबी में पुलिस मुठभेड़, भैंस चोरी गिरोह का चौथा आरोपी गोली लगने से घायल

चारों बदमाश शातिर किस्म के हैं और इनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

कौशांबी में पुलिस मुठभेड़, भैंस चोरी गिरोह का चौथा आरोपी गोली लगने से घायल
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

कौशाम्बी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट —

कौशांबी/जनमत न्यूज। जनपद कौशांबी में पुलिस और शातिर बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुए बदमाश को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही भैंस चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व जनपद में भैंस चोरी की घटना सामने आई थी, जिसके खुलासे के तहत पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस गिरोह के एक अन्य सदस्य को पकड़ने के लिए मंझनपुर थाना क्षेत्र के राघवपुर इलाके में दबिश देने पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी बरातीलाल ने खुद को पुलिस से घिरा देख अवैध तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बरातीलाल के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बरातीलाल, फिरोज, गुड्डू और दिलशाद शामिल हैं। चारों बदमाश शातिर किस्म के हैं और इनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।