सुरसा में भीषण सड़क हादसा, डंपर की टक्कर से भाई-बहन समेत तीन की मौत
ढोलिया तिराहे के पास सामने से आ रहे डंपर ने मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई/जनमत न्यूज। सुरसा थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ढोलिया तिराहे के पास सामने से आ रहे डंपर ने मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतकों की पहचान आदर्श अवस्थी (20 वर्ष) पुत्र अरविंद अवस्थी निवासी फतियापुर, उनकी बहन मधु अवस्थी (22 वर्ष) तथा मौसी कामिनी पांडेय (42 वर्ष) पत्नी लक्ष्मीकांत पांडेय निवासी बावन चुंगी के रूप में हुई है। बताया गया कि आदर्श अपनी बहन मधु को हरदोई छोड़ने जा रहा था। मधु को सीटेट परीक्षा देनी थी और वह अपनी मौसी कामिनी पांडेय के साथ परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हुई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ढोलिया तिराहे पर अचानक सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
इस दर्दनाक घटना का एक और मार्मिक पहलू सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही आदर्श के भाई प्रशांत का तिलक समारोह संपन्न हुआ था। घर में शादी की खुशियों का माहौल था और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था। ऐसे में यह हादसा परिवार पर दुखों का पहाड़ बनकर टूटा है। खुशियों से भरा घर पल भर में मातम में बदल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाही पर चिंता जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Janmat News 
