हरदोई: इलाज के लिए लाया गया बाल अपचारी भागा, मची अफरा तफरी; इंस्पेक्टर ने दौड़कर पकड़ा

उप्र के ​ हरदोई जिले में बाल संप्रेषण गृह से इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया एक नाबालिग किशोर अचानक पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागने लगा।

हरदोई: इलाज के लिए लाया गया बाल अपचारी भागा, मची अफरा तफरी; इंस्पेक्टर ने दौड़कर पकड़ा
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के ​ हरदोई जिले में बाल संप्रेषण गृह से इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया एक नाबालिग किशोर अचानक पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागने लगा।

किशोर के भागते ही साथ आए पुलिसकर्मियों ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया। सब-इंस्पेक्टर दिनेश प्रसाद मिश्रा भी उसके पीछे दौड़े और अस्पताल से करीब 300 मीटर दूर जाकर उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे दोबारा बाल संप्रेषण गृह ले गए।

सब-इंस्पेक्टर दिनेश प्रसाद मिश्रा के मुताबिक, किशोर को करीब 10 दिन से शौच नहीं होने की शिकायत के चलते चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार के लिए बाल संप्रेषण गृह से अस्पताल लाया गया था। ओपीडी में उपचार के बाद जब पुलिसकर्मी दवा के संबंध में जानकारी लेने के लिए नीचे पहुंचे, तभी किशोर भीड़ के बीच से निकलकर अचानक भागने लगा।

पुलिसकर्मियों को जब उसके भागने का पता चला तो उन्होंने तत्काल पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। घटना के बाद किशोर को पुलिस अभिरक्षा में वापस बाल संप्रेषण गृह पहुंचा दिया गया। अस्पताल में अचानक हुई इस घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।