हरदोई के बिलग्राम में कब्रिस्तान की जमीन पर चला प्रशासन का बुलडोजर, पांच अवैध दुकानें जमींदोज
उप्र के हरदोई जनपद के शहर के बिलग्राम चुंगी स्थित कब्रिस्तान परिसर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही की है।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के शहर के बिलग्राम चुंगी स्थित कब्रिस्तान परिसर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही की है।
गुरुवार को प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध रूप से निर्मित लगभग पांच दुकानों और टीनशेड को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस कार्यवाही से क्षेत्र के भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है।
नगर पालिका को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कब्रिस्तान की जमीन पर बिना किसी वैध अनुमति के कुछ लोगों ने पक्का निर्माण कर दुकानें बना ली हैं। मामले की जांच में पाया गया कि ये सभी निर्माण पूरी तरह अवैध थे।
नगर पालिका प्रशासन ने पहले इस संबंध में शहर कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, जिसके बाद अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया।
मौके पर मौजूद अधिशासी अधिकारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि कब्रिस्तान एक संवेदनशील और धार्मिक स्थल है। सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा। कार्यवाही के दौरान ध्वस्त किए गए मलबे को नगर पालिका की टीम ने अपने वाहनों में भरकर कब्जे में ले लिया है।
अभियान के दौरान अतिक्रमण प्रभारी अमित सिंह, शहर कोतवाल संजय त्यागी और नायब तहसीलदार सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।

Janmat News 
