रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —
रायबरेली/जनमत न्यूज। ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में कांग्रेस नेता अतुल सिंह ने चौपाल, नुक्कड़ सभा और जनसंपर्क अभियान चलाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मेलथुवा, पुराना पुरवा, घूरी, तिवारीपुर, कटरा, चूली, साईं टिकरिया, पड़रिया सहित कई गांवों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा खुलकर रखी। जनसभाओं में आवारा पशुओं के बढ़ते आतंक, बिजली के बेतहाशा बिल, लो-वोल्टेज, जर्जर विद्युत तारों और गंभीर पेयजल संकट को लेकर लोगों की नाराज़गी साफ दिखाई दी।
ग्रामीणों ने बताया कि छुट्टा पशुओं के कारण खेती-किसानी चौपट होती जा रही है। किसान रात-रात भर खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं, इसके बावजूद फसलें सुरक्षित नहीं रह पा रही हैं। वहीं बिजली विभाग पर मनमानी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कहा कि बिना खपत के भारी-भरकम बिल थमाए जा रहे हैं। किसी का दो लाख, किसी का डेढ़ लाख तो किसी परिवार पर पांच लाख रुपये तक का बिजली बिल आ गया है, जिससे आम आदमी परेशान है।
कांग्रेस नेता अतुल सिंह ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि ऊंचाहार की जनता आज मूलभूत सुविधाओं से वंचित है और शासन-प्रशासन उनकी समस्याओं के प्रति उदासीन बना हुआ है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही और किसानों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अतुल सिंह ने आश्वासन दिया कि वह इन मुद्दों को लेकर संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे और जनता को राहत दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।
उन्होंने क्षेत्रीय विधायक पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। साथ ही मनरेगा को कमजोर करने की कथित साजिश का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसे बचाने के लिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लगातार संघर्ष कर रहे हैं। अतुल सिंह ने कहा, “मैं ऊंचाहार की जनता के मान-सम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई लड़ता रहूंगा। राजनीति से ऊपर उठकर जनता की सेवा करना मेरा संकल्प है।”
इस मौके पर जसवंत सिंह चौहान, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र त्यागी, अखिलेश यादव, नरेंद्र सिंह, धनंजय सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। जनसभाओं के दौरान ग्रामीणों के उत्साह और आक्रोश से साफ संकेत मिला कि ऊंचाहार की जनता बदलाव और राहत की उम्मीद कर रही है।