अमेठी में सड़क सुरक्षा के कड़े नियम: अवैध ई-रिक्शा पर कार्रवाई, अनधिकृत टैक्सी स्टैंड होंगे बंद

डीएम संजय चौहान ने एआरटीओ और यातायात विभाग को संयुक्त टीम बनाकर अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा चार्जिंग के लिए किसी भी स्थान पर विद्युत चोरी न होने पाए, इसके लिए केवल वैध विद्युत कनेक्शन से ही चार्जिंग की अनुमति दी जाए।

अमेठी में सड़क सुरक्षा के कड़े नियम: अवैध ई-रिक्शा पर कार्रवाई, अनधिकृत टैक्सी स्टैंड होंगे बंद
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

अमेठी से राम मिश्रा की रिपोर्ट —

अमेठी / जनमत न्यूज। जनपद अमेठी में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए मंगलवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में अवैध और अपंजीकृत ई-रिक्शा के संचालन पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

जिला सूचना कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, डीएम संजय चौहान ने एआरटीओ और यातायात विभाग को संयुक्त टीम बनाकर अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा चार्जिंग के लिए किसी भी स्थान पर विद्युत चोरी न होने पाए, इसके लिए केवल वैध विद्युत कनेक्शन से ही चार्जिंग की अनुमति दी जाए। साथ ही ई-रिक्शा के लिए निर्धारित रूट प्रणाली लागू करने के लिए सीओ ट्रैफिक, एआरटीओ तथा अधिशासी अभियंता (लोक निर्माण विभाग) की तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जो जिले में रूट निर्धारण का कार्य करेगी।

डीएम ने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्रों में संचालित अनधिकृत टैक्सी स्टैंडों को तुरंत बंद कराया जाए। इसके स्थान पर ई-रिक्शा, ऑटो एवं टैक्सी के लिए चिन्हित भूमि पर छोटे-छोटे पिक एंड ड्रॉप प्वाइंट विकसित किए जाएं, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू और नियंत्रण में रहे। उन्होंने स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच, कागजात, सीसीटीवी कैमरे और निर्धारित क्षमता के पालन को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। निर्धारित क्षमता से अधिक छात्रों को वाहन में बैठाने की स्थिति में संबंधित विद्यालय संचालकों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

राष्ट्रीय राजमार्गों व एक्सप्रेसवे पर हो रही दुर्घटनाओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी मुख्य मार्गों पर साइनेज बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, गति सीमा संकेतक लगाए जाएं तथा जहां-जहां अनधिकृत कट बने हैं, उन्हें तत्काल बंद कराया जाए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस विभाग नियमित रूप से चेकिंग अभियान चला रहा है। वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और गति सीमा पालन के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही जारी रहेगी। एसपी ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त जनजागरूकता अभियानों को तेज किया जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार व रमेश चंद्र, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी, एआरटीओ महेश बाबू गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।