सरकारी सहायता दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप, दलित महिला ने दो पत्रकारों पर लगाए गंभीर आरोप

रीना रानी पत्नी विष्णु दत्त, निवासी खतौली क्षेत्र, ने आरोप लगाया है कि उसके पुत्र की नहर में डूबने से मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन देकर आशीष सैनी, अरविंद सैनी तथा एक अन्य व्यक्ति ने उससे 11 हजार रुपये नकद और 4 हजार रुपये बैंक खाते के माध्यम से लिए।

सरकारी सहायता दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप, दलित महिला ने दो पत्रकारों पर लगाए गंभीर आरोप
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। जनपद मुजफ्फरनगर के थाना खतौली क्षेत्र की एक दलित महिला ने दो स्थानीय पत्रकारों पर सरकारी सहायता दिलाने के नाम पर धनराशि लेने तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर धमकाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और विधिक कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, रीना रानी पत्नी विष्णु दत्त, निवासी खतौली क्षेत्र, ने आरोप लगाया है कि उसके पुत्र की नहर में डूबने से मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन देकर आशीष सैनी, अरविंद सैनी तथा एक अन्य व्यक्ति ने उससे 11 हजार रुपये नकद और 4 हजार रुपये बैंक खाते के माध्यम से लिए।

महिला का आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बाद भी कोई सरकारी सहायता नहीं मिली। जब उसने संबंधित व्यक्तियों से धनराशि वापस मांगी तो उसे लगातार टालमटोल किया गया। बाद में केवल 1500 रुपये लौटाए गए, जबकि शेष रकम वापस नहीं की गई।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि पैसे की मांग करने पर आरोपियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। महिला का कहना है कि उसके पास बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग साक्ष्य के रूप में मौजूद है, जिसे वह जांच के दौरान प्रस्तुत करने को तैयार है।

महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि थाना खतौली पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए जाएं और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और स्थानीय स्तर पर संवेदनशीलता बनी हुई है। पुलिस प्रशासन की ओर से प्रकरण की जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।