महक हत्याकांड: बयान बदलने से फंसा CA और खुल गई कत्ल की कहानी, जानें पूरा मामला

हरियाणा के बहादुरगढ़ में एचडीएफसी बैंक में डिप्टी मैनेजर महक कथूरिया की हत्या की गुत्थी को झज्जर पुलिस ने सुलझा लिया है।

महक हत्याकांड: बयान बदलने से फंसा CA और खुल गई कत्ल की कहानी, जानें पूरा मामला
Published By- Diwaker Mishra

बहादुरगढ़/जनमत न्यूज़। हरियाणा के बहादुरगढ़ में एचडीएफसी बैंक में डिप्टी मैनेजर महक कथूरिया की हत्या की गुत्थी को झज्जर पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस जिसे 'लूट' के बाद हत्या का मामला समझ रही थी, वह चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) पति की झूठी कहानी निकली।

दरअसल, बहादुरगढ़ में बैंक खातों में करोड़ों के लेनदेन का हिसाब-किताब संभालने वाला CA अंशुल धवन पत्नी महक कथूरिया की हत्या के बाद बार-बार अपना बयान बदल रहा था। घटनास्थल पर मिले सर्जिकल ग्लव्ज ने पुलिस का शक और बढ़ा दिया। जब सख्ती से पूछताछ की गई तो अंशुल ने कत्ल की पूरी कहानी बयां कर दी।

'लूटपाट के बाद पत्नी महक की हत्या कर दी'

अंशुल ने पहले पुलिस को बताया कि लुटेरों ने उसकी गाड़ी को ओवरटेक कर रुकवाया फिर लूटपाट के बाद पत्नी महक की हत्या कर दी। इसके बाद उसने बयान दिया कि लुटेरे महक को अगवा कर ले गए फिर हत्या कर रजबहे में शव फेंक दिया। इसके बाद पुलिस ने अंशुल को हिरासत में ले लिया।

यह था पूरा मामला

चरित्र पर संदेह के चलते सनकी पति ने गुरुग्राम की एचडीएफसी बैंक शाखा में डिप्टी मैनेजर पत्नी महक कथूरिया (26) की गले में कैंची घोंप हत्या कर दी। वारदात रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे बादली स्थित पाहसौर गांव के पास हुई।

हत्या के बाद आरोपी पति हिसार निवासी अंशुल ने शव रजबहे में फेंक दिया और लूट व हत्या की झूठी कहानी रची। पुलिस ने संदेह के आधार पर अंशुल को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने सच उगल दिया।

बादली थाने के एसएचओ सुरेश कुमार ने बताया कि तिकोना पार्क हांसी निवासी महक कथूरिया अपने पति अंशुल धवन के साथ रविवार रात हिसार से गुरुग्राम के लिए निकली थीं।

रास्ते में पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि अंशुल ने पहले महक को कार में पीटा, फिर बाहर निकलकर दो बार गले में कैंची घोंपकर उसे मौत के घाट उतार दिया।

आरोपी ने वारदात को लूट दिखाने के लिए महक के पहने गहने उतारकर घटनास्थल के पास रजबहे में फेंक दिए। फिर हाईवे से गुजर रहे कार चालकों से मदद मांगी। एक कार चालक ने पुलिस को वारदात की सूचना दी।

महक के भाई अक्षय की शिकायत पर आरोपी पति अंशुल धवन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मौके पर सबूत जुटाने के लिए एफएसएल टीम की मदद ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।