T20 WC 2026: टीम इंडिया ने पाकिस्तान को पछाड़ा, ये 6 टीमें सुपर 8 की रेस से लगभग बाहर

टी20 विश्व कप 2026 में गुरुवार 12 फरवरी को कई फेरबदल देखने को मिले। ग्रुप ए में टीम इंडिया ने फिर से नंबर वन की कुर्सी हासिल कर ली है और पाकिस्तान को पछाड़ दिया है।

T20 WC 2026: टीम इंडिया ने पाकिस्तान को पछाड़ा, ये 6 टीमें सुपर 8 की रेस से लगभग बाहर
Published By- Diwaker Mishra

नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। टी20 विश्व कप 2026 में गुरुवार 12 फरवरी को कई फेरबदल देखने को मिले। ग्रुप ए में टीम इंडिया ने फिर से नंबर वन की कुर्सी हासिल कर ली है और पाकिस्तान को पछाड़ दिया है।

श्रीलंका ग्रुप बी में शीर्ष पर विराजमान है। जबकि ग्रुप सी में इंग्लैंड चौथे स्थान पर खिसक गई है। ग्रुप डी में न्यूजीलैंड ने शीर्ष स्थान हासिल किया हुआ है। चारों ग्रुप से मिलाकर 6 टीमें ऐसी हैं, जो सुपर 8 की रेस से लगभग बाहर हो चुकी हैं।

दरअसल, ग्रुप फेज में अब तक 6 टीमें ऐसी हैं, जो कम से कम 2 मैच हार चुकी है। इनमें ग्रुप ए से यूएसए और नामीबिया की टीम शामिल है, जबकि ग्रुप बी से आयरलैंड और ओमान की टीम का नाम आता है, जो पहले दो मैच हार चुकी हैं।

ग्रुप सी से नेपाल की टीम दो मुकाबले हार चुकी है और ग्रुप डी से अफगानिस्तान ने अपने पहले दो मैच हारे हैं। इन टीमों का आगे जाने का सपना लगभग चकनाचूर हो चुका है, क्योंकि दो हार और दो जीत वाली टीमें इस बार सुपर 8 में नहीं पहुंच पाएंगी।

ग्रुप ए की पॉइंट्स टेबल की बात करें तो टीम इंडिया 2 मैचों में 2 जीत के साथ टॉप पर है। पाकिस्तान ने भी दो मैच जीते हैं, लेकिन टीम दूसरे स्थान पर है, क्योंकि नेट रन रेट भारत का अच्छा है। तीसरे स्थान पर नीदरलैंड है, जो दो में से एक मैच जीत चुका है। यूएसए और नामीबिया ने अपने पहले दोनों-दोनों मैच गंवा दिए हैं।

ग्रुप बी की पॉइंट्स टेबल की बात करें तो श्रीलंका की टीम दो मैचों में दो जीत के साथ नंबर वन है। ऑस्ट्रेलिया ने एक मैच ही खेला है और उसे जीता है। कंगारू टीम दूसरे पायदान पर है। तीसरे नंबर पर जिम्बाब्वे है, जो एक मैच जीती है और एक ही मैच उन्होंने खेला है। चौथे नंबर पर आयरलैंड है और पांचवें पर ओमान। इन दोनों टीमों ने अपने पहले-पहले दोनों मैच गंवा दिए हैं।

ग्रुप सी की पॉइंट्स टेबल पर नजर डालें तो यहां वेस्टइंडीज की टीम सिंहासन पर बैठी है, जो दो मैच पहले जीत चुकी है। स्कॉटलैंड की टीम दूसरे स्थान पर है, जो दो में से एक मैच जीत चुकी है। तीसरे नंबर पर इटली है, जो दो में से एक मैच जीती है। इंग्लैंड की टीम चौथे स्थान पर है, जो दो में से एक मैच हारी है और एक मैच जीती है। नेट रन रेट भी इस समय इंग्लैंड का खराब है। सबसे आखिरी पायदान पर इस ग्रुप में नेपाल है, जो दो मैच हार चुकी है।

ग्रुप डी की पॉइंट्स टेबल में न्यूजीलैंड की टीम नंबर वन की कुर्सी पर विराजमान है। साउथ अफ्रीका की टीम दूसरे नंबर पर है। दोनों टीमें पहले दो-दो मैच खेल चुकी हैं और सभी मुकाबले जीते हैं। दोनों के खाते में 4-4 पॉइंट हैं, लेकिन नेट रन रेट कीवी टीम का बेहतर है। तीसरे नंबर पर अफगानिस्तान है, जो दो मैच हार चुका है। चौथे नंबर पर यूएई और पांचवें पर कनाडा हैं, जो एक-एक मैच खेले हैं और उनको गंवाया है।