बलरामपुर: विदेशों में नौकरी का झांसा देकर ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो अभियुक्त गिरफ्तार
बलरामपुर जनपद में विदेशों में नौकरी का झांसा देकर साइबर ठगी व साइबर स्लेवरी जैसे अपराध करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गिरोह के दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार भी किया गया है।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद में विदेशों में नौकरी का झांसा देकर साइबर ठगी व साइबर स्लेवरी जैसे अपराध करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गिरोह के दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार भी किया गया है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विकास कुमार द्वारा साइबर ठगी व साइबर स्लेवरी जैसे अपराधों के अनावरण के विरुद्ध कार्यवाही किये जाने हेतु दिये गये सख्त निर्देश के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर डॉ जितेन्द्र कुमार के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक तुलसीपुर निरीक्षक राज कुमार सिंह के नेतृत्व में दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार अभियुक्तगण द्वारा यूट्यूब चैनल के माध्यम से थाईलैण्ड में डाटा इण्ट्री आपरेटर की नौकरी दिलाने के विज्ञापन द्वारा झांसा देकर पीड़ित से 60,000 रुपये व दस्तावेज लिया गया। उसके बाद उन्हें मुम्बई से थाईलैण्ड तथा थाईलैण्ड से अवैध रुप से लाओस ले जाया गया।
जहां आरोपी राम प्रवेश सिंह द्वारा पीड़ित को स्कैम कंपाउंड में 2,50,000 रुपये में बेच दिया गया। यहां उससे जबरन साइबर फ्राड तथा साइबर स्लेवरी कराई गई। इस सम्बन्ध पंजीकृत मुक़दमे में वांछित अभियुक्तगण फैजान रजा पुत्र ताज मोहम्मद निवासी ग्राम अमहवा थाना बखिरा जनपद संत कबीर नगर को 16 फरवरी को गिरफ्तार किया गया।
जबकि आरोपी राम प्रवेश सिंह पुत्र स्व. कंचन सिंह निवासी ग्राम व पोस्ट कुसरना थाना व तहसील केराकत जनपद जौनपुर को मुम्बई के कांदावली से पुलिस टीम द्वारा 11 फरवरी को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।


