उरई: व्यापार व श्रम बंधु की बैठक में डीएम ने की सख्त समीक्षा, लंबित मुद्दों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
उप्र के उरई जिले में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बन्धु, व्यापार बंधु एवं श्रम बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जिले में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बन्धु, व्यापार बंधु एवं श्रम बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद में औद्योगिक विकास, स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति तथा व्यापारिक समस्याओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में उद्योग एवं व्यापार को बढ़ावा देने, निवेश को प्रोत्साहित करने तथा उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।
बैठक की शुरुआत विभिन्न ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा से हुई। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तथा एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत लंबित आवेदनों को निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देशित किया कि जिन बैंक शाखाओं में आवेदन पत्र लंबित हैं, उनके शाखा प्रबंधकों को तत्काल प्रभाव से लंबित प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित कराने के लिए निर्देश जारी किए जाएं, ताकि युवाओं और उद्यमियों को समय से ऋण उपलब्ध हो सके।
मुख्यमंत्री शिक्षुता प्रोत्साहन योजना की समीक्षा के दौरान आईटीआई की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित प्रधानाचार्या से स्पष्टीकरण तलब किया और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कौशल विकास और रोजगार सृजन सरकार की प्राथमिकता है, इसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कालपी औद्योगिक आस्थान तक पहुंच मार्ग के संबंध में लोक निर्माण विभाग ने अवगत कराया कि रेलवे लाइन के किनारे मार्ग निर्माण हेतु स्टीमेट तैयार कर प्रेषित किया जा चुका है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
बैठक में क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने गहरा रोष व्यक्त करते हुए उनके वेतन आहरण पर रोक लगाने तथा उनसे संबंधित सभी प्रकरणों का निस्तारण कर आगामी बैठक में स्पष्टीकरण सहित अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग धर्मेन्द्र कुमार भास्कर, उपायुक्त वाणिज्य कर अमित यादव, हाथ कागज संघ कालपी के अध्यक्ष नरेन्द्र तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Janmat News 
