रायबरेली: प्रेम प्रसंग में युवक ने उठाया खौफनाक कदम, वीडियो बनाकर की आत्महत्या की कोशिश

उप्र के रायबरेली जनपद के बछरावां थाना क्षेत्र के राजामऊ गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।

रायबरेली: प्रेम प्रसंग में युवक ने उठाया खौफनाक कदम, वीडियो बनाकर की आत्महत्या की कोशिश
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के बछरावां थाना क्षेत्र के राजामऊ गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर प्रेमिका के उकसावे में आकर पहले फांसी लगाने की कोशिश की और असफल रहने पर खुद पर डीज़ल छिड़ककर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसा युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

जानकारी के अनुसार राजामऊ निवासी प्रमोद का अपने बड़े भाई की साली, जो उन्नाव जनपद की रहने वाली बताई जा रही है, से पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। युवक ने फांसी लगाने से पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने प्रेमिका पर गंभीर आरोप लगाए।

वीडियो में उसने दावा किया कि युवती एक माह की गर्भवती है और गर्भ के नाम पर उससे पैसे भी लिए गए। युवक ने यह भी कहा कि छोटी सी गलती के कारण उसे छोड़ दिया गया और कथित तौर पर फांसी लगाने के लिए कहा गया।

वीडियो बनाने के बाद युवक ने फांसी लगाने की कोशिश की। जब उसमें सफलता नहीं मिली तो उसने खुद पर डीज़ल डालकर आग लगा ली। परिजनों की सूचना पर उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

इस संबंध में चिकित्सक डॉ. अतुल पाण्डेय ने बताया कि युवक गंभीर रूप से झुलसा हुआ है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। उसे बेहतर उपचार दिया जा रहा है।

वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रेटी बयान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।