भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

दोनों युवक आपस में घनिष्ठ मित्र थे और अपनी ननिहाल जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट —

एटा/जनमत न्यूज़। एटा जिले के मलावन थाना क्षेत्र में स्थित जवाहर तापीय परियोजना पावर प्लांट के सामने सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। अज्ञात भारी वाहन ने दोनों युवकों को टक्कर मारते हुए रौंद दिया। हादसा इतना भयावह था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को उपचार के लिए भिजवाया, लेकिन तब तक एक की मौत हो चुकी थी और दूसरे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही परिजन एटा स्थित मोर्चरी पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंटी पुत्र शेर सिंह और उसका दोस्त धीरज पुत्र सुखवीर निवासी धनीपुर महुआखेड़ा बाइक से अपनी ननिहाल रजपुरा जा रहे थे। इसी दौरान जवाहर तापीय परियोजना पावर प्लांट के सामने किसी अज्ञात भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।

मृतक के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि दोनों युवक आपस में घनिष्ठ मित्र थे और अपनी ननिहाल जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। वहीं मृतक बंटी के बहनोई राकेश ने बताया कि एक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे को पुलिस इलाज के लिए लेकर आ रही थी, लेकिन उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। वे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए पहुंचे हैं।

मामले में मलावन थाना प्रभारी आर.के. सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। एक युवक की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी, जबकि दूसरे ने उपचार के दौरान दम तोड़ा। अज्ञात वाहन की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।