मुंशीगंज पुलिस की कार्रवाई, धोखाधड़ी के मामलों में वांछित तीन अभियुक्त गिरफ्तार

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी सहित अन्य मामलों में वांछित चल रहे तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

मुंशीगंज पुलिस की कार्रवाई, धोखाधड़ी के मामलों में वांछित तीन अभियुक्त गिरफ्तार
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

अमेठी से राम मिश्रा की रिपोर्ट —

अमेठी/जनमत। जनपद अमेठी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुंशीगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी सहित अन्य मामलों में वांछित चल रहे तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में दिनेश कुमार मिश्रा एवं सुशील कुमार मिश्रा निवासी पूरे पाण्डेय मजरा रंजीतपुर, थाना मुसाफिरखाना, जनपद अमेठी तथा एक महिला अभियुक्ता सुनीता, निवासी थाना क्षेत्र मुंशीगंज, जनपद अमेठी शामिल हैं। तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना मुंशीगंज में धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत था और वे लंबे समय से फरार चल रहे थे।

बताया गया कि मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर थाना मुंशीगंज पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है तथा अभियुक्तों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।