हरदोई मेडिकल कॉलेज में पहली बार हुआ घुटने का सफल ऑपरेशन,परिजनों ने मेडिकल स्टाफ का जताया आभार
उप्र के हरदोई स्थित मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने एक ऐसा सफल ऑपरेशन किया है, जो जिले में पहली बार संपन्न हुआ है। यह ऑपरेशन घुटने का प्रत्यारोपण (नी रिप्लेसमेंट) है।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज। उप्र के हरदोई स्थित मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने एक ऐसा सफल ऑपरेशन किया है, जो जिले में पहली बार संपन्न हुआ है। यह ऑपरेशन घुटने का प्रत्यारोपण (नी रिप्लेसमेंट) है।
इस सर्जरी के लिए मरीज को निजी अस्पतालों में लगभग चार लाख रुपये का खर्च बताया गया था, लेकिन आयुष्मान योजना के तहत यह ऑपरेशन निःशुल्क किया गया।
हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र के सर्रा गांव निवासी 68 वर्षीय धर्मवीर पिछले दो वर्षों से दोनों घुटनों के गंभीर दर्द से परेशान थे। उनके घुटने पूरी तरह घिस चुके थे,जिससे चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया था।
परिजन इलाज के लिए कई अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन निजी अस्पतालों में करीब चार लाख रुपये का खर्च बताए जाने के कारण इलाज संभव नहीं हो पा रहा था।
इसी बीच परिजन धर्मवीर को हरदोई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अविक राय और डॉ. विनीश वर्मा ने जांच की। डॉक्टरों ने मरीज को आयुष्मान कार्ड योजना के तहत भर्ती कर सर्जरी का निर्णय लिया। चिकित्सकों की टीम ने सफलतापूर्वक घुटने का ऑपरेशन किया।
सर्जरी सफल होने के बाद डॉक्टरों ने राहत की सांस ली। डॉ. विनीश वर्मा ने बताया कि हरदोई मेडिकल कॉलेज में इस प्रकार का यह पहला घुटना प्रत्यारोपण ऑपरेशन है। सफल ऑपरेशन के बाद मरीज के परिजनों ने चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ का आभार व्यक्त किया।


