गेस्ट हाउस संचालक हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल

मुठभेड़ के दौरान आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त बाइक, मोबाइल फोन तथा हत्या के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद किए गए हैं।

गेस्ट हाउस संचालक हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज़। जनपद हरदोई के थाना लोनार क्षेत्र में गेस्ट हाउस संचालक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त बाइक, मोबाइल फोन तथा हत्या के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद किए गए हैं।

घटना 12 फरवरी की है, जब ग्राम मलवा के निकट खेत में अनिल कुमार सिंह उर्फ नीशू सिंह, निवासी ग्राम नकटौरा, थाना लोनार, की हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य संकलित किए। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे।

मृतक के पुत्र अजय कुमार सिंह की तहरीर पर रिंकू सिंह, धीरू सिंह, धीरज सिंह एवं रियासत के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया।

क्षेत्राधिकारी हरपालपुर सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रात्रि में मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या में शामिल एक युवक कस्बा बावन की ओर भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह पुलिस को देख बाइक मोड़कर जगदीश नहर पुलिया की ओर भागने लगा।

पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी ने स्वयं को घिरा देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी सत्यम पुत्र धर्मवीर, निवासी ग्राम पुरौरी, थाना लोनार, के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया।

पूछताछ में आरोपी सत्यम ने बताया कि वह और उसके साथी जुआ खेलते थे तथा इसके लिए मृतक अनिल कुमार सिंह से पैसे उधार लिया करते थे। जुए में अधिक रकम हारने के कारण वे कर्ज में डूब गए थे। जब अनिल द्वारा रुपये की मांग की गई तो सत्यम ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रचकर वारदात को अंजाम दे दिया।

पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान सत्यम का नाम प्रकाश में आया था और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी थे। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।