ट्रैक्टर-ट्राली चोरी गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार, भारी मात्रा में माल बरामद

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में लगातार हो रही ट्रैक्टर-ट्राली चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष रणनीति बनाई गई थी।

ट्रैक्टर-ट्राली चोरी गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार, भारी मात्रा में माल बरामद
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

बांदा से दुर्गेश कश्यप की रिपोर्ट —

बांदा/जनमत न्यूज़। जनपद बांदा में थाना तिन्दवारी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने ट्रैक्टर-ट्राली चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी का ट्रैक्टर, दो ट्रालियां, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त चोरी की वारदात में प्रयुक्त एक अन्य ट्रैक्टर तथा एक चार पहिया बोलेरो वाहन भी बरामद कर सीज किया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में लगातार हो रही ट्रैक्टर-ट्राली चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष रणनीति बनाई गई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में एक शातिर हिस्ट्रीशीटर अपराधी भी शामिल है, जिसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट, चोरी, रंगदारी व आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में दर्जनों मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से संगठित तरीके से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे और चोरी के वाहनों को अन्य जनपदों में बेच देते थे।

पुलिस ने बरामद वाहनों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरोह से जुड़े एक अन्य वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों को सक्रिय कर दिया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और संगठित अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।