बिहार: कितने सही साबित हुए एग्जिट पोल? इस एजेंसी ने बताया था सबसे सटीक आंकड़ा; पढ़ें पूरी रिपोर्ट

बिहार विधानसभा चुनाव में वोटिंग खत्म के बाद आज वोटों की गिनती जारी है। चुनाव परिणाम के रुझानों के अनुसार बिहार में सत्तारूढ़ NDA  की सरकार की वापसी होती दिख रही है।

बिहार: कितने सही साबित हुए एग्जिट पोल? इस एजेंसी ने बताया था सबसे सटीक आंकड़ा; पढ़ें पूरी रिपोर्ट
Published By- Diwaker Mishra

पटना/जनमत न्यूज़। बिहार विधानसभा चुनाव में वोटिंग खत्म के बाद आज वोटों की गिनती जारी है। चुनाव परिणाम के रुझानों के अनुसार बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA)  की सरकार की वापसी होती दिख रही है।

चुनाव नतीजों की शुरुआती बढ़त से लग रहा है कि नीतीश कुमार फिर से सीएम बनने जा रहे हैं। एनडीए 200 के आसपास सीटों पर बढ़त नजर आ रही है। खास बात यह है कि बीजेपी 90 सीटों पर, जबकि जदयू 80 सीटों पर आगे है। इस तरह बीजेपी बिहार में सबसे बड़े दल के रूप में उभर रहा है।

वोटों की गिनती के आए रुझानों में एनडीए को पूर्ण बहुमत मिलता दिख रहा है। वहीं महागठबंधन बहुमत के जादुई आंकड़े से काफी दूर नजर आ रही है। फिलहाल चुनाव के अंतिम नतीजे आने में काफी वक्त है।

क्या था एग्जिट पोल

राज्य में मतदान के बाद करीब 15 चुनाव प्रबंधन कंपनी और एजेंसियों ने एग्जिट पोल जारी किए थे। इन 15 में से करीब 14 एग्जिट पोल में साफ तौर पर एनडीए को बहुमत मिला था। वहीं महागठबंधन को मात्र कुछ ही एग्जिट पोल में बहुमत के करीब दिखाया गया था। जबकि राज्य में तीसरे मोर्चे के तौर पर सामने आए जनसुराज पार्टी को शायद ही किसी एग्जिट पोल ने दहाई का आंकड़ा दिया था।

इस एजेंसी एग्जिट पोल सबसे सटीक

बिहार में 243 विधानसभा सीटों पर हुए मतदान के बाद जिन चुनाव प्रबंधन कंपनी और एजेंसियों ने एग्जिट पोल जारी किए थे। उसमें पोल डायरी, प्रजा पोल एनालिटिक्स, मैट्रिज आईएएनएस, टीआईएफ रिसर्च, पी-मार्क, पीपल्स पल्स, डीवी रिसर्च, जेवीसी पोल, पीपल्स इनसाइट, पोलस्ट्रैट, चाणक्य स्ट्रैटजीज, कामाख्या एनालिटिक्स, एआई पॉलिटिक्स, एक्सिस माई इंडिया और टुडेज चाणक्या शामिल हैं।

बिहार में दोनों चरणों के मतदान समाप्त होने के बाद 11 नवंबर को कुल 11 एग्जिट पोल अनुमान सामने आए थे। इसमें मैट्रिज आईएएनएस, पीपल्स पल्स, जेवीसी पोल, पीपल्स इनसाइट, चाणक्य स्ट्रैटजीज, पोलस्ट्रैट, पोल डायरी, प्रजा पोल एनालिटिक्स, टीआईएफ रिसर्च, पी-मार्क, डीवी रिसर्च और कामख्या एनालिटिक्स ने अनुमान जारी किए थे।

वहीं अगले दिन 12 नवंबर को तीन अन्य एग्जिट पोल भी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सामने आए थे। इसमें एआई पॉलिटिक्स, एक्सिस माई इंडिया और टूडेज चाणक्या शामिल हैं। इनमें एआई पॉलिटिक्स ने दोनों गठबंधनों (एनडीए और महागठबंधन) में कांटे की टक्कर की बात कही थी। वहीं एक्सिस माई इंडिया और टूडेज चाणक्या ने एनडीए को बहुमत दिया था।

इस तरह से देखा जाय तो पोल डायरी, प्रजा पोल एनालिटिक्स और कामख्या एनालिटिक्स के अनुमान सबसे सटीक नजर आ रहे हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के नतीजे?

2020 विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच था। इस चुनाव में एनडीए ने 125 सीटें जीतीं थीं। इनमें सबसे ज्यादा 74 सीटें भाजपा के खाते में गई थीं। जदयू को 43, वीआईपी और हम को 4-4 सीट पर सफलता मिली थी।

राज्य की 110 सीटें महागठबंधन के खाते में गई थी। इसमें 75 सीटें जीतकर राजद राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। इसके साथ ही कांग्रेस को 19, वामदलों को 16 सीट पर जीत मिली थी। इनमें 12 सीटें माले और दो-दो सीटें भाकपा और माकपा के खाते में गईं थी। वहीं अन्य दलों में एआईएमआईएम ने पांच, बसपा, लोजपा और निर्दलीय ने एक-एक सीटें जीती थी।