जन सेवा केंद्र संचालक से लूट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; अवैध तमंचा व कार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है।
रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —
रायबरेली/जनमत न्यूज। जनपद में जन सेवा केंद्र संचालक से हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार घटना 6 फरवरी 2026 की शाम लगभग 7 बजे की है। थाना गदागंज क्षेत्र के मतीनगंज निवासी अरुणेंद्र तिवारी, जो फोटो स्टूडियो एवं जन सेवा केंद्र का संचालन करते हैं, प्रतिदिन की भांति दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अशोक नगर नहरिया के पास कार सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर उनका बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। बैग में नकदी सहित अन्य आवश्यक सामान रखा था। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
पीड़ित की तहरीर पर थाना गदागंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से 13 फरवरी को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जनपद अमेठी निवासी सचिन कुमार तथा रामहंस गिरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से एक कैमरा, नकदी, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की कार बरामद की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि जन सेवा केंद्र संचालक के पास प्रतिदिन अच्छी-खासी नकदी रहती है। इसी आधार पर उन्होंने पूर्व नियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण में अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भी पहचान की जा रही है और शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही बरामद कार के संबंध में भी जांच जारी है।

Janmat News 
