औरैया: घर वालों ने केंचुल रखकर किया था ड्रामा, लड़की ने थाने में किया खुलासा; बताई पूरी बात

उप्र के औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र के गांव सींगनपुर में फिल्मी ड्रामा में प्रेमी के साथ फरार हुई लड़की ने फफूंद थाने में आकर नया खुलासा किया है।

औरैया: घर वालों ने केंचुल रखकर किया था ड्रामा, लड़की ने थाने में किया खुलासा; बताई पूरी बात
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र के गांव सींगनपुर में फिल्मी ड्रामा में प्रेमी के साथ फरार हुई लड़की ने फफूंद थाने में आकर नया खुलासा किया है। उसने बताया कि केंचुल रखकर नागिन बनने का ड्रामा उसके घर वालों ने किया है। वह तो ऐसे ही अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। 

कानपुर के कल्याणपुर आर्यसमाज में शादी कर ली। बताया कि उसके साथ सांप रहता था जिसकी केंचुल उसने घर पर ही रख दी थी। उसी को रखकर परिजनों ने नया ड्रामा किया था।

सींगनपुर गांव निवासी 21 वर्षीय रीना पुत्री राकेश का गांव में ही युवक से प्रेम प्रसंग था। उसके परिजन कहीं और शादी तय कर रहे थे। जिससे रीना नाखुश थी। बस इसी बात को लेकर रीना अपने प्रेमी गांव निवासी श्याम शर्मा के साथ फरार हो गई।

सुबह घर वालों ने बताया कि बिस्तर पर सांप की केंचुल रखी है और लड़की के गहने आदि भी। इसके बाद गांव में खबर फैल गई कि लड़की की नागिन बन गई है। इस बात पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि लड़की अपने प्रेमी के साथ फरार हुई है।

लड़की के पिता ने रात में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। लड़की ने नागिन बनने का ड्रामा करके प्रेमी के साथ फरार होने की खबर देश भर में सुर्खियां बटोरने लगी। जिसके बाद लड़की ने इंस्टाग्राम में एक वीडियो अपलोड कर जानकारी दी कि वह अपनी मर्जी से गई और उसने प्रेमी श्याम शर्मा से शादी कर ली है।

पुलिस सर्विलांस से पता करने में जुटी थी। इसके साथ ही इंस्टाग्राम के कई वीडियो रीना के डांस के चलने लगे। जिसमें एक वीडियो नागिन डांस का भी था। लोग सोशल मीडिया पर तरह तरह के कमेंट कर रहे थे। इस बीच लड़की रात में फफूंद थाने में आ गई।

रीना ने बताया कि वह अपनी मर्जी से गई थी। उसने बिस्तर पर केंचुल रखकर भागने का कोई ड्रामा नहीं किया। यह सब उसके घर वालों ने किया है। वह तो ऐसे ही रात में प्रेमी के साथ चली गई थी। रीना ने बताया कि उसके सपने में सांप आता था और एक सांप उसके साथ लेटता था।

यह बात उसने घर वालों को बताई थी। बताया कि एक सांप की केंचुली थी जिसे उसने घर पर रख दिया था। उसी केंचुली को बिस्तर पर रखकर घर वालों ने ड्रामा कर दिया है। उसने बताया कि उसका चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

घर वालों को इसकी जानकारी नहीं थी। यह भी बताया कि एक बार सांप ने उसे काट लिया था लेकिन उसे कुछ नहीं हुआ। जबकि नेवला और बिच्छू ने मुझे काटा तो वह मर गए।

थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया लड़की ने प्रार्थनापत्र दिया है कि उसने आर्यसमाज मंदिर में शादी की है। न्यायालय में पेश कर लड़की के बयान कराए जाएंगे।