बिना लाइसेंस चल रहा अवैध कारोबार, खुलेआम बिक रहा ज़हरीला चूहामार दवा

विशेषज्ञों का कहना है कि मानसिक तनाव से जूझ रहे युवा-युवतियों, पुरुषों और महिलाओं के लिए इस तरह की स्थिति बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।

बिना लाइसेंस चल रहा अवैध कारोबार, खुलेआम बिक रहा ज़हरीला चूहामार दवा
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शिव चौक पर खुलेआम ज़हर बेचे जाने का गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां चूहा मारने की अत्यंत खतरनाक दवा धड़ल्ले से बेची जा रही है, जिसके सेवन से व्यक्ति की मौके पर ही मौत तक हो सकती है। हैरानी की बात यह है कि ज़हर बेचने वाले दुकानदारों के पास न तो कोई वैध लाइसेंस है और न ही बिक्री से संबंधित कोई पंजीकरण।

जानकारों के मुताबिक कीटनाशक अधिनियम 1968 के तहत इस तरह की जहरीली दवाओं की बिक्री के लिए कृषि विभाग से जारी लाइसेंस अनिवार्य होता है। इसके बावजूद शिव चौक क्षेत्र में कानून को दरकिनार कर खुलेआम इस ज़हरीली दवा की बिक्री की जा रही है। न तो बिक्री का कोई रिकॉर्ड रखा जा रहा है और न ही खरीदार की पहचान दर्ज की जा रही है, जिससे खतरा और भी बढ़ जाता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि मानसिक तनाव से जूझ रहे युवा-युवतियों, पुरुषों और महिलाओं के लिए इस तरह की स्थिति बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। खुले बाजार में ज़हर की आसान उपलब्धता से आत्मघाती घटनाओं, दुर्घटनाओं और आपराधिक मामलों का जोखिम कई गुना बढ़ जाता है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि बिना लाइसेंस ज़हर बेचने वालों के खिलाफ तत्काल छापेमारी कर सख्त कार्रवाई की जाए और इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।