कौशाम्बी: पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार, पहले भी हो चुकी है आजीवन कारावास की सजा

उप्र के कौशाम्बी जिले में पत्नी की हत्या कर फरार चल रहे आरोपी पति को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

कौशाम्बी: पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार, पहले भी हो चुकी है आजीवन कारावास की सजा
Published By- Diwaker Mishra

कौशाम्बी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट

कौशाम्बी/जनमत न्यूज़। उप्र के कौशाम्बी जिले में पत्नी की हत्या कर फरार चल रहे आरोपी पति को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी पर पहले भी हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है और वह जमानत पर बाहर था।

मामला महेवाघाट थाना क्षेत्र के घोघपुर गांव का है, जहां 2 जून की सुबह शिवभोला निषाद पर अपनी पत्नी माया देवी की हत्या करने का आरोप लगा था। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया था।

एसपी के निर्देश पर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थीं। पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात शाहपुर मोड़ और भगतपुरवा मोड़ के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भागने लगा।

पीछा करने पर हरभजन बाबा मंदिर बैरागीपुर के पास बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी शिवभोला निषाद के पैर में गोली लग गई।

घायल आरोपी को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, कारतूस और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि शिवभोला निषाद पहले भी हत्या के एक मामले में दोषी ठहराया जा चुका है।

वर्ष 2023 में अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, लेकिन वह फिलहाल जमानत पर बाहर था। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।