बिल्डर हत्याकांड में फर्रुखाबाद जेल से कुख्यात गैंगस्टर सुभाष सिंह ठाकुर को मुंबई पुलिस ले गई
अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी बताए जाने वाले कुख्यात गैंगस्टर सुभाष सिंह ठाकुर को बिल्डर की हत्या के मामले में संलिप्त पाए जाने पर मुंबई पुलिस फर्रुखाबाद की फतेहगढ़ सेंट्रल जेल से अपने साथ मुंबई ले गई।
फर्रुखाबाद से वरूण दूबे की रिपोर्ट —
फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी बताए जाने वाले कुख्यात गैंगस्टर सुभाष सिंह ठाकुर को बिल्डर की हत्या के मामले में संलिप्त पाए जाने पर मुंबई पुलिस फर्रुखाबाद की फतेहगढ़ सेंट्रल जेल से अपने साथ मुंबई ले गई। यह पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी 2022 को मुंबई के विरार स्थित मनवेलपाड़ा इलाके में दिनदहाड़े बिल्डर समय चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद मुंबई पुलिस ने गहन जांच शुरू की, जिसमें कुल 13 आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि हत्या की साजिश कुख्यात गैंगस्टर सुभाष सिंह ठाकुर के इशारे पर रची गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि सुभाष सिंह ठाकुर उत्तर प्रदेश की जेल में बंद रहते हुए भी वसई–विरार क्षेत्र के बिल्डरों से खंडनी वसूल रहा था। मृतक समय चौहान विरार क्षेत्र में 11 इमारतों का निर्माण करा रहा था। आरोप है कि ठाकुर ने प्रत्येक प्रोजेक्ट के लिए लाखों रुपये की मांग की थी। जब चौहान ने खंडनी देने से इनकार किया, तो उसकी हत्या करवा दी गई।
बताया गया है कि सुभाष सिंह ठाकुर जेजे हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहा था और वर्ष 2019 से इलाज के नाम पर बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के सर सुंदरलाल अस्पताल में भर्ती था। वर्ष 2024 में उसे पुनः फतेहगढ़ सेंट्रल जेल भेजा गया। इसके बाद मुंबई पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे वसई–विरार मामले में तलब किया।
सोमवार की रात मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की टीम फतेहगढ़ सेंट्रल जेल पहुंची और सुभाष सिंह ठाकुर को हिरासत में लेकर विमान से मुंबई रवाना हुई। मंगलवार सुबह आरोपी को ठाणे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
फतेहगढ़ सेंट्रल जेल के जेलर करुणेंद्र कुमार ने बताया कि बंदी सुभाष सिंह ठाकुर को विधिक प्रक्रिया के तहत मुंबई पुलिस अपने साथ ले गई है।

Janmat News 
