रायबरेली में कांग्रेस का वोट चोरी के खिलाफ जन-जागरण अभियान, भाजपा सरकार पर सीधा वार
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए जनता का सतर्क रहना और हर वोट की रक्षा करना अनिवार्य है।

रायबरेली/जनमत न्यूज। रायबरेली के सतावं ब्लॉक स्थित दुर्गा इंटर कॉलेज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी के मुद्दे पर जोरदार जन-जागरण अभियान चलाते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान कॉलेज परिसर में विशेष रूप से लगाए गए बड़े स्क्रीन के माध्यम से ग्रामीणों को वीडियो, तस्वीरें और दस्तावेज दिखाए गए, जिनमें कथित तौर पर वोटों में हेराफेरी के आरोपों को विस्तार से समझाया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए जनता का सतर्क रहना और हर वोट की रक्षा करना अनिवार्य है। उन्होंने मंच से भाजपा सरकार को सीधे चेतावनी दी और कहा—
"वोट हमारा, हक हमारा कोई नहीं छीन सकता"
"लोकतंत्र नहीं बिकने देंगे"
"वोट चोरों होश में आओ"
इन नारों की गूंज से कार्यक्रम स्थल का माहौल जोश और उत्साह से भर गया। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि वोट चोरी का खेल बंद नहीं हुआ तो सड़कों से लेकर संसद तक आंदोलन की लपटें उठेंगी।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी कार्यकर्ताओं के साथ एकजुटता दिखाते हुए तालियों और नारों से पूरा वातावरण गरमा दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भरोसा जताया कि इस तरह के जन-जागरण अभियान से लोकतंत्र के प्रति लोगों में जागरूकता और भागीदारी बढ़ेगी।