फर्रुखाबाद के शमशाबाद में घटिया निर्माण सामग्री से बनाया जा रहा मिनी स्टेडियम, लोगों में भारी आक्रोश

उप्र के फरुर्खाबाद जनपद के शमसाबाद नगर में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाए जा रहे मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य इन दिनों विवादों के घेरे में है।

फर्रुखाबाद के शमशाबाद में घटिया निर्माण सामग्री से बनाया जा रहा मिनी स्टेडियम, लोगों में भारी आक्रोश
Published By- Diwaker Mishra

फर्रुखाबाद से वरुण दुबे की रिपोर्ट

फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज़। उप्र के फरुर्खाबाद जनपद के शमसाबाद नगर में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाए जा रहे मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य इन दिनों विवादों के घेरे में है।

स्थानीय बाशिंदों ने निर्माण में घटिया निर्माण सामग्री ब पीली ईंट के इस्तेमाल का गंभीर आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि इस परियोजना का ठेका कार्तिकेय नाम की फर्म को मिला है, जिसके संचालक का संबंध नदीम फारूखी के करीबी माने जाने वाले शानू से बताया जा रहा है।

सामग्री की गुणवत्ता पर भी उठ रहे सवाल

स्टेडियम निर्माण में शामिल स्थानीय निवासियों और खेल प्रेमियों का कहना है कि काम की शुरूआत से ही निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा है। दीवारें खड़ी करते समय जिस ईंट और सीमेंट के मिश्रण का उपयोग किया जा रहा है, वह बेहद निम्न स्तर का है।

नागरिकों का आरोप है कि निर्माण सामग्री व ईंट काफी घटिया क्वालिटी की इस्तेमाल की जा रही है, जो इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि बजट का बंदरबांट किया जा रहा है।

राजनीतिक संरक्षण का आरोप

क्षेत्र में चर्चा है कि ठेकेदार शानू, जिसे चेयरमैन पति नदीम फारूखी का करीबी बताया जा रहा है, उसके चलते प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर आंखें मूंदे हुए हैं। नागरिकों का आरोप है कि इसी संरक्षण के दम पर गुणवत्ता के मानकों को ताक पर रखकर काम कराया जा रहा है।

प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच की मांग मिनी स्टेडियम में हो रहे इस भ्रष्टाचार से नगर के बाशिंदों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका के उच्च अधिकारियों से मामले की तत्काल जांच की मांग की है।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच नहीं कराई गई और ठेकेदार पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।