प्रतापगढ़ में 19 वर्षीय नर्स ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

उप्र के प्रतापगढ़ शहर के विक्रम चौराहे के पास गुरुवार शाम एक 19 वर्षीय नर्स का शव किराये के कमरे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्रतापगढ़ में 19 वर्षीय नर्स ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ शहर के विक्रम चौराहे के पास गुरुवार शाम एक 19 वर्षीय नर्स का शव किराये के कमरे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान कोहंडौर थाना क्षेत्र के गहरौली गांव निवासी स्वर्गीय अशोक कुमार की पुत्री लक्ष्मी पटेल (19) के रूप में हुई। वह अपनी छोटी बहन ज्योति पटेल के साथ विक्रम चौराहे के पास किराये के मकान में रहती थीं। दोनों बहनें जेल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थीं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे ड्यूटी समाप्त कर छोटी बहन ज्योति कमरे पर पहुंचीं। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

इसके बाद मकान मालिक की मौजूदगी में पीछे का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया गया, जहां लक्ष्मी का शव पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। उन्हें तत्काल नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, लक्ष्मी की शादी वर्ष 2027 में तय थी और परिवार उसकी तैयारियों में जुटा था। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में मां, दो भाई और दो बहनें हैं। लक्ष्मी सबसे बड़ी संतान थीं। उनकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से मोबाइल सहित अन्य आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। सीओ सिटी आशुतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।