रायबरेली में बिजली तार चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 36 लाख के 3 बंडल तार बरामद; 2 गिरफ्तार
उप्र की रायबरेली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने विद्युत तार चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके दो साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र की रायबरेली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने विद्युत तार चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके दो साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 36 लाख रुपये कीमत के बिजली तार के 3 बंडल और घटना में इस्तेमाल दो ट्रक भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, अंडरग्राउंड विद्युत लाइन बिछाने के लिए रखे गए रेलवे लाइन के पास से दो दिन पूर्व की रात कुछ लोगों द्वारा तीन ड्रम केबल चोरी कर लिए गए थे।
मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। 28 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर सूर्यमणि शर्मा निवासी जाटवपुर थाना हैदरगंज, जिला अयोध्या और बद्री उर्फ राम जियावन निवासी सरायखुर्द थाना बीकापुर, जिला अयोध्या को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
बरामदगी में UP 24 AT 3678 और UP 42 CT 6869 नंबर के ट्रक भी शामिल हैं, जिनका उपयोग चोरी के माल को ले जाने में किया गया था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Janmat News 
