राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख सूत्रधार डॉ.रामविलास दास वेदांती को सीएम योगी ने अयोध्या में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री योगी ने दिवंगत डॉ. रामविलास दास वेदांती को श्रद्धांजलि अर्पित की और उपस्थित साधु-संतों से भेंट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
अयोध्या से आजम खान की रिपोर्ट —
अयोध्या/जनमत न्यूज। राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख सूत्रधार और राम मंदिर के अग्रणी आंदोलनकारी रहे पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती के निधन से संपूर्ण अयोध्या नगरी शोक में डूब गई है। उनके निधन की खबर मिलते ही संत समाज, राम भक्तों और आम नागरिकों में गहरा शोक व्याप्त हो गया। इसे राम मंदिर आंदोलन के एक युग का अंत माना जा रहा है।
डॉ. वेदांती के निधन की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे। अयोध्या पहुंचकर मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम रामलला एवं हनुमानगढ़ी में विधिवत दर्शन-पूजन किया। इसके पश्चात उन्होंने दिवंगत डॉ. रामविलास दास वेदांती को श्रद्धांजलि अर्पित की और उपस्थित साधु-संतों से भेंट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
इधर, डॉ. रामविलास दास वेदांती के अंतिम दर्शन के लिए अयोध्या में जनसैलाब उमड़ पड़ा। संत-महंतों, श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ ने उन्हें अंतिम विदाई दी। उनके पार्थिव शरीर के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो अयोध्या के प्रमुख मार्गों से होती हुई सरयू तट तक पहुंची।
वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच सरयू तट पर उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। अंतिम संस्कार के दौरान पूरे वातावरण में शोक और श्रद्धा का भाव व्याप्त रहा। संत समाज और राम भक्तों ने डॉ. वेदांती के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने राम मंदिर आंदोलन को नई दिशा और मजबूती प्रदान की।
डॉ. रामविलास दास वेदांती का जीवन रामभक्ति, संघर्ष और राष्ट्रहित को समर्पित रहा। उनके निधन से न केवल अयोध्या, बल्कि संपूर्ण देश के राम भक्तों को अपूरणीय क्षति हुई है।

Janmat News 
