कौशाम्बी: मेडिकल छात्रों से रैगिंग मामले में 97 छात्र निलंबित, लगाया गया पांच-पांच हजार का जुर्माना
कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज के प्रथम वर्ष के छात्रों के साथ द्वितीय वर्ष के छात्रों द्वारा की गई रैगिंग मामले में 97 छात्रों को एक माह के लिए निलंबित कर दिया गया है।
कौशाम्बी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट
कौशाम्बी/जनमत न्यूज़। उप्र के कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज के प्रथम वर्ष के छात्रों के साथ द्वितीय वर्ष के छात्रों द्वारा की गई रैगिंग मामले में 97 छात्रों को एक माह के लिए निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उन पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
रैगिंग मामले की शिकायत एंटी रैगिंग सेल दिल्ली से की गई थी। एंटी रैगिंग कमेटी ने जांच की तो सीनियर छात्र दोषी पाए गए। कमेटी की रिपोर्ट पर प्रिसिंपल ने 97 छात्रों को एक माह के लिए निलंबित कर दिया। साथ ही पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
कौशाम्बी से राहुल भट्ट द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में प्रथम वर्ष के छात्रों के साथ महीना भर पहले रैगिंग हुई थी। छात्रों ने इसकी शिकायत एंटी रैगिंग सेल दिल्ली से की थी। सेल ने इसे गंभीरता से लिया और पूरे मामले की जांच मेडिकल कॉलेज में गठित एंटी रैगिंग कमेटी को सौंपी थी।
कमेटी ने मेडिकल कॉलेज के छात्रों से मुलाकात की। उनका बयान लिया। रैगिंग कहां हुई, कैसे हुई, किस तरह उन्हें प्रताड़ित किया गया। इसकी विधिवत जानकारी जुटाई गई। कमेटी ने अपनी जांच में बताया कि रैगिंग मेडिकल कॉलेज परिसर में हुई है। इसकी विस्तृत रिपोर्ट एंटी रैगिंग सेल दिल्ली को भेजी गई।
सेल ने इसे गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के लिए रिपोर्ट प्रिंसिपल डॉ. हरिओम सिंह को अग्रसारित की। प्रिंसिपल डॉ. हरिओम सिंह ने रैगिंग में शामिल द्वितीय वर्ष के 97 छात्रों को एक माह के लिए मेडिकल कॉलेज से निलंबित कर दिया है। साथ ही सभी पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। प्रिंसिपल की इस कार्रवाई से मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मच गया। रैगिंग में शामिल छात्रों के होश उड़े हुए हैं।

Janmat News 
