अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपियों के घर पुलिस की छापेमारी, दर्ज किए परिजनों के बयान
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या मे राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के सभी आठ आरोपियों के घर आज सुबह पुलिस ने एक साथ दबिश दी। टीमें एक साथ सभी के घर पहुंची।
घरवालों से पूछताछ शुरू की। साथ ही पड़ोसियों से बातचीत करके जानकारी जुटाई। पुलिस टीम अनुकल्प मिश्रा, अवनीश शुक्ला, मनीष यादव, टिन्नू यादव, रमा शंकर मिश्र समेत अन्य आरोपियों के आवासों पर पहुंची।
घरों की तलाशी लेने के साथ मौजूद परिजनों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान स्थानीय लोगों को भी अपने बयान और साक्ष्य पुलिस के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर दिया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के घरों के प्रवेश द्वार पर पुलिस बल तैनात रहा, ताकि जांच में किसी प्रकार का व्यवधान न हो और अनधिकृत लोगों का प्रवेश रोका जा सके।
इस मामले में बृहस्पतिवार को एफआईआर दर्ज किया गया था। जबकि, शुक्रवार को सभी आठ आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था। अब पुलिस साक्ष्य जुटाने और मामले की विवेचना को आगे बढ़ाने में जुटी है।


