सिविल कोर्ट परिसर में अधिवक्ता ने भतीजे को मारी गोली, अफरा-तफरी
अधिवक्ता जे.के. राज ने पारिवारिक विवाद के चलते इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान अधिवक्ता ने अपने भतीजे पर गोली चला दी, जो उसकी पीठ में जा लगी।
लखीमपुर से लोकेन्द्र प्रताप की रिपोर्ट —
लखीमपुर खीरी / जनमत न्यूज। लखीमपुर खीरी के सिविल कोर्ट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक अधिवक्ता ने अपने ही सगे भतीजे को गोली मार दी। इस घटना से कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों और आम लोगों में दहशत फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिवक्ता जे.के. राज ने पारिवारिक विवाद के चलते इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान अधिवक्ता ने अपने भतीजे पर गोली चला दी, जो उसकी पीठ में जा लगी। घायल युवक को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर एएसपी विवेक तिवारी पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं पुलिस अधीक्षक खीरी ख्याति गर्ग और जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और अधिकारियों को मामले की जांच के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने घटना की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फायरिंग की घटना को अवैध असलहे से अंजाम दिया गया बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

Janmat News 
