सीतापुर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम संपन्न, 565 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
खबर उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर से है, जहां मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आरएमपी डिग्री कॉलेज में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 565 जोड़ों ने एक-दूसरे का जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
सीतापुर से अनूप पाण्डेय की रिपोर्ट
सीतापुर/जनमत न्यूज़। खबर उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर से है, जहां मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आरएमपी डिग्री कॉलेज में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 565 जोड़ों ने एक-दूसरे का जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
इनमें 551 हिंदू जोड़ों और 14 मुस्लिम जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह की रस्में पूरी कराई गईं।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नवविवाहित जोड़ों को 15 हजार रुपये विवाह व्यवस्था के लिए, 21 हजार रुपये का घरेलू सामान तथा 64 हजार रुपये की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई गई।
सामूहिक विवाह समारोह में नवविवाहित जोड़ों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। इस मौके पर जिलाधिकारी राजा गणपति आर, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जोशी, विधायक ज्ञान तिवारी, विधायक रामकृष्ण भार्गव, एमएलसी पवन सिंह चौहान समेत तमाम जनप्रतिनिधि, अधिकारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।




