कानपुर देहात: आउटसोर्स सेवा निगम का लोगो, वेबसाइट और पोर्टल लाँच; सामुदायिक भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
उत्तर प्रदेश के आउटसोर्स कर्मियों के लिए आज का दिन बेहद खास रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से आउटसोर्स सेवा निगम के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और पोर्टल का शुभारंभ किया।
कानपुर देहात से अखिलेश त्रिवेदी की रिपोर्ट
कानपुर देहात/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश के आउटसोर्स कर्मियों के लिए आज का दिन बेहद खास रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से आउटसोर्स सेवा निगम के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और पोर्टल का शुभारंभ किया। इसके साथ ही सरकार ने कर्मियों के बढ़े हुए पारिश्रमिक और कई अन्य महत्वपूर्ण राहतों का ऐलान भी किया है।
इसी क्रम में कानपुर देहात जनपद के इको पार्क माती सामुदायिक भवन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में यूपी के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान और राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने शिरकत की ।
राजधानी लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण इको पार्क माती सामुदायिक भवन में दिखाया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान और राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
आउटसोर्स सेवा निगम के नए पोर्टल और वेबसाइट के शुरू होने से व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी। वहीं पारिश्रमिक में की गई वृद्धि से हजारों आउटसोर्स कर्मियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री राकेश सचान और राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आउटसोर्स कर्मियों के हितों की रक्षा और उनके बेहतर भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।




