भागवत कथा महोत्सव में भक्ति के साथ गूंजा सामाजिक जागरूकता का संदेश
प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आस्था के साथ-साथ जागरूकता का भी विस्तार करते हैं। जब समाज दहेज, भेदभाव और कुरीतियों से मुक्त होता है, तभी वास्तविक विकास संभव है।
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। ग्राम खूझी, ब्लॉक मांधाता में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा एवं जनजागरण महोत्सव के तीसरे दिन आध्यात्मिकता, सामाजिक चेतना और जनजागरण का अद्भुत संगम देखने को मिला। स्तुति चैरिटेबल सोसाइटी की अध्यक्षा डॉ. निरुपमा सिंह के नेतृत्व में चल रहे इस आयोजन में भक्ति के साथ समाज सुधार और जागरूकता का सकारात्मक संदेश गूंजता रहा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आस्था के साथ-साथ जागरूकता का भी विस्तार करते हैं। जब समाज दहेज, भेदभाव और कुरीतियों से मुक्त होता है, तभी वास्तविक विकास संभव है।
तीसरे दिन के प्रथम सत्र में दहेज उन्मूलन, सामाजिक चेतना और सामूहिक विवाह योजना पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत पूर्व में विवाह बंधन में बंधे 11 युगलों को मंच पर सम्मानित किया गया। राज्यमंत्री ने सभी युगलों को उपहार भेंट करते हुए कहा “दहेज रहित सामूहिक विवाह नई सामाजिक दिशा के प्रेरक उदाहरण हैं।”
द्वितीय सत्र में डॉ. निरुपमा सिंह तथा स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, प्रारंभिक जांच और स्वस्थ जीवनशैली पर विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने को इस पहल को खासा सराहा गया।
शाम के सत्र में आचार्य राजन दीक्षित जी महाराज ने कुंती-भीष्म स्तुति तथा शुकदेव उपदेश के माध्यम से भक्ति, मोक्ष और आत्म-शुद्धि का संदेश दिया। उपस्थित श्रद्धालु अध्यात्म के इस प्रवाह में भाव-विभोर दिखे।
डॉ. निरुपमा सिंह ने कहा कि स्तुति चैरिटेबल सोसाइटी का उद्देश्य— “समाज में जागरूकता, स्वास्थ्य सुरक्षा, तथा दहेज-मुक्त विवाह जैसी सकारात्मक पहलों को जनआंदोलन बनाना है।” उन्होंने सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रदीप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जैसी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिले, ताकि दहेज जैसी कुरीतियां समाज से समाप्त की जा सकें।
मंच पर उपस्थित प्रमुख जनों में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, अरुण सिंह कमांडेंट, शिवम शील्ड एकेडमी के डायरेक्टर, अखिल सिंह ज्वाइंट कमिश्नर फूड, केपी सिंह, रणजीत सिंह, दिनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Janmat News 
