उरई: टोल प्लाजा पर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन, DM ने दिलाई यातायात नियमों के पालन की शपथ
उरई जनपद के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज आटा टोल प्लाजा पहुंचकर 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के समापन समारोह में प्रतिभाग किया।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
उरई /जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज आटा टोल प्लाजा पहुंचकर 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के समापन समारोह में प्रतिभाग किया।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक किया गया, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा तेज गति एवं लापरवाही से वाहन न चलाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, रैली, गोष्ठी एवं अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया है।
ऐसे अभियानों का सकारात्मक प्रभाव तभी दिखाई देगा, जब लोग दैनिक जीवन में इन नियमों को अपनाएं। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मनोज अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, परियोजना निदेशक एनएचएआई अभिषेक लोदवाल, एआरटीओ राजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, यातायात पुलिस, टोल प्लाजा प्रबंधन एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Janmat News 
