सहारनपुर: देवबंद में चाकू मारकर युवक की हत्या, वारदात से मचा हड़कंप; हिरासत में आरोपी
उप्र के सहारनपुर जनपद के देवबंद थाना क्षेत्र की वाल्मीकि बस्ती में एक 36 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा/मोहन कश्यप की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद के देवबंद थाना क्षेत्र की वाल्मीकि बस्ती में एक 36 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सुमित पुत्र सुनील, उम्र 36 वर्ष, निवासी वाल्मीकि बस्ती, देवबंद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बस्ती के ही राहुल नामक व्यक्ति ने सुमित पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल सुमित को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), देवबंद लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी बताए जा रहे राहुल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



