अमेठी में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, असलहे-कारतूस और उपकरण बरामद; दो गिरफ्तार
उप्र के अमेठी जनपद में ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बाजारशुक्ल पुलिस ने पाली जंगल में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अमेठी से राम मिश्रा की रिपोर्ट
अमेठी/जनमत न्यूज़। उप्र के अमेठी जनपद में ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बाजारशुक्ल पुलिस ने पाली जंगल में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उनके कब्जे और मौके से 11 निर्मित अवैध शस्त्र,पांच अर्द्धनिर्मित तमंचे, चार जिंदा व दो खोखा कारतूस समेत अवैध शस्त्र बनाने के भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को थाना बाजारशुक्ल पुलिस क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग पाली जंगल में अवैध शस्त्र बना रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम कौशल किशोर और छोटू, निवासी थाना क्षेत्र मॉल, जनपद लखनऊ बताया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे व मौके से नौ तमंचे 315 बोर,दो जिंदा व दो खोखा कारतूस 315 बोर,दो तमंचे 12 बोर, दो जिंदा कारतूस 12 बोर तथा पांच अर्द्धनिर्मित तमंचे 12 बोर बरामद हुए।इसके अलावा एक धुकनी/भट्टी और शस्त्र बनाने के भारी मात्रा में उपकरण सहित अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि मौके से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। मोटरसाइकिल के कागजात मांगे जाने पर आरोपी उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सके।बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना बाजारशुक्ल पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।सुनसान स्थान तलाशकर बनाते थे हथियार
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दोनों लखनऊ के रहने वाले हैं और मिलकर अवैध शस्त्र बनाने का काम करते हैं।वे पकड़े जाने के डर से घूम-घूमकर सुनसान स्थान तलाशते थे और स्थान बदलकर हथियार तैयार करते थे।तैयार किए गए अवैध शस्त्रों को लखनऊ और आसपास के जनपदों में बेचने की बात भी आरोपियों ने बताई है।
पुलिस अधीक्षक ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का खुलासा करने वाली पुलिस टीम के सराहनीय कार्य पर 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।



