औरैया: महिला से पर्स छीनने वाले तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार; नगदी, तमंचा व कारतूस बरामद
उप्र के औरैया जनपद के थाना बिधूना क्षेत्र में चलती मोटरसाइकिल पर सवार महिला से झपट्टा मारकर पर्स छीनने की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के थाना बिधूना क्षेत्र में चलती मोटरसाइकिल पर सवार महिला से झपट्टा मारकर पर्स छीनने की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। थाना बिधूना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया पर्स, मोबाइल फोन, सफेद धातु की एक जोड़ी तोड़िया, 4200 रुपये नकद, एक तमंचा 12 बोर, दो जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई झपटमारी की घटना का खुलासा हो गया है।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना बिधूना में मुकदमा अपराध संख्या 367/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों ने जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी बिधूना के पर्यवेक्षण में थाना बिधूना पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया।
चिरकुआ पुलिया के पास चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी
पुलिस टीम लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने चिरकुआ पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की।
चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 12 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, 4200 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, सफेद धातु की एक जोड़ी तोड़िया और एक लेडीज पर्स बरामद हुआ।
पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो रुरुगंज में हुई पर्स छिनैती की घटना का खुलासा हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 13 नवंबर को रुरुगंज के पास चलती मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी महिला के हाथ से झपट्टा मारकर पर्स छीना था।
आरोपियों के अनुसार पर्स में कुल आठ हजार रुपये थे, जिनमें से कुछ रकम उन्होंने खर्च कर दी थी, जबकि शेष 4200 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए। इसके अलावा बरामद मोबाइल फोन, लेडीज पर्स और तोड़िया भी उसी घटना में छीना गया सामान बताया गया है।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चोरी और छिनैती के सामान को बेचने की फिराक में बेला की तरफ जा रहे थे। सामान बेचकर मिलने वाली रकम को आपस में बराबर-बराबर बांटने की उनकी योजना थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीव उर्फ सन्जू यादव पुत्र रामसरन निवासी ग्राम सुल्तानपुर थाना ऐरवाकटरा, उम्र करीब 28 वर्ष, अंकित कुमार पुत्र रहीशचन्द्र निवासी गुजरीपुर थाना कुदरकोट, उम्र करीब 20 वर्ष तथा अजय कुमार उर्फ भोलू राठौर पुत्र शिवनाथ सिंह उर्फ भूरे निवासी ग्राम दोबा थाना ऐरवाकटरा, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में की है।पुलिस ने इस मामले में बरामदगी के आधार पर मूल मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।
वहीं, आरोपी संजीव उर्फ सन्जू यादव के विरुद्ध थाना बिधूना में मुकदमा अपराध संख्या 369/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अलग से अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई थाना बिधूना के प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। संयुक्त टीम में एसओजी/सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी अपनी टीम के साथ तथा थाना बिधूना के उपनिरीक्षक अजय प्रताप सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संयुक्त टीम की सक्रियता और मुखबिर की सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण किया गया।



