शाहजहांपुर पुलिस ने चोरी और गुम हुए 151 मोबाइल किए बरामद, मालिकों के चेहरे पर लौट आई खुशी

उप्र की शाहजहांपुर पुलिस ने चोरी और गुम हुए 151 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की कुल कीमत 35 लाख रुपये आंकी गई है।

शाहजहांपुर पुलिस ने चोरी और गुम हुए 151 मोबाइल किए बरामद, मालिकों के चेहरे पर लौट आई खुशी
Published By- Diwaker Mishra

शाहजहांपुर की राजीव शुक्ला की रिपोर्ट

शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र की शाहजहांपुर पुलिस ने चोरी और गुम हुए 151 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की कुल कीमत 35 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इन फोनों को उनके मालिकों को सौंप दिया है, जिससे लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई। पुलिस के पास लगातार मोबाइल चोरी होने या गुम हो जाने की शिकायतें आ रही थीं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर, सर्विलांस, एसओजी और साइबर हेल्प डेस्क की टीमों को इन मोबाइलों को बरामद करने का काम सौंपा गया। टीमों ने गुम हुए मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाकर उनकी लोकेशन ट्रेस की और फिर उन्हें बरामद किया।

बरामद किए गए 151 मोबाइलों के मालिकों की पहचान की गई और उनसे संपर्क किया गया। इसके बाद, सभी मालिकों को पुलिस लाइन बुलाया गया। इस दौरान एसपी सिटी देवेंद्र सिंह और मोबाइल बरामद करने वाली टीम के सदस्य मौजूद रहे।

मोबाइलों पर लिखे नामों के आधार पर उन्हें उनके असली मालिकों को सौंप दिया गया। अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि जब उनके फोन चोरी हुए या गुम हुए थे, तब उन्हें दोबारा मिलने की उम्मीद नहीं थी और उन्होंने नए फोन खरीद लिए थे।

पुलिस से सूचना मिलने पर उन्हें बहुत खुशी हुई और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया। एसपी सिटी देवेंद्र सिंह ने बताया कि कुल 151 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये है। इन सभी मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया है।