हरदोई में महिला थाने के बाहर हाईवोल्टेज ड्रामा, दहेज की बाइक को लेकर सरेराह भिड़े पति-पत्नी

उप्र के हरदोई के जिला मुख्यालय स्थित महिला थाने के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पति-पत्नी बीच सड़क पर आपस में भिड़ गए।

हरदोई में महिला थाने के बाहर हाईवोल्टेज ड्रामा, दहेज की बाइक को लेकर सरेराह भिड़े पति-पत्नी
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई के जिला मुख्यालय स्थित महिला थाने के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पति-पत्नी बीच सड़क पर आपस में भिड़ गए।

दहेज में मिली बाइक के मालिकाना हक और उसकी चाबी को लेकर दोनों के बीच जमकर खींचतान हुई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ने सरेआम एक-दूसरे का कॉलर पकड़ लिया। 

तमाशबीनों की भीड़ के बीच इस हाईवोल्टेज ड्रामे का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस ने दोनो को शहर कोतवाली पहुंचाया जहां दोनो पक्षों का समझौता हुआ।

हरियावां थाना क्षेत्र के नेवादा सातन गांव निवासी मन्नालाल ने अपनी बेटी रेशमा देवी का विवाह इसी वर्ष 20 अप्रैल को शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद निवासी सचिन कुमार के साथ किया था। रेशमा का आरोप है कि उसके पिता ने हैसियत के मुताबिक शादी में पांच लाख रुपये नकद और एक बाइक दी थी।

इसके बावजूद ससुराल के लोग कार की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। पीड़िता ने बताया कि बीती 27 जून को ससुराल वालों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और करीब 15 दिन पहले पति सचिन उसे मायके छोड़कर फरार हो गया था।

रेशमा की तहरीर पर दोनों पक्षों को काउंसलिंग और पूछताछ के लिए महिला थाने बुलाया गया था। थाने के अंदर बातचीत के बाद जैसे ही दोनों पक्ष बाहर निकले, रेशमा ने अपनी बाइक वापस मांगी।

रेशमा का तर्क था कि बाइक उसके नाम पर रजिस्टर्ड है। यदि उसका पति उस बाइक से कोई गलत काम करता है या कोई दुर्घटना होती है, तो कानूनी शिकंजे में वह खुद फंसेगी। दूसरी ओर, पति सचिन बाइक लौटाने को तैयार नहीं था।

बाइक की चाबी और उस पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में तब्दील हो गई। पत्नी ने पति का कॉलर पकड़कर खींचना शुरू कर दिया, तो पति भी पीछे नहीं हटा।

सड़क पर सरेआम हो रहे इस हंगामे को देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हंगामा बढ़ता देख किसी ने यूपी-112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला।सीओ सिटी अजित चौहान ने बताया कि दोनो के बीच समझौता हो गया है अब कोई विवाद नही है अन्य कार्यवाई हो रही है।