प्रतापगढ़ में वॉल्वो बस रोककर चालक-कंडक्टर से मारपीट, चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लीलापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक वॉल्वो बस को बीच सड़क पर रोककर उसके चालक और कंडक्टर के साथ मारपीट की गई।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लीलापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक वॉल्वो बस को बीच सड़क पर रोककर उसके चालक और कंडक्टर के साथ मारपीट की गई। यह घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब नोएडा से वाराणसी जा रही वॉल्वो बस हंडौर क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान, बाइक सवार करीब आधा दर्जन युवकों ने बस को ओवरटेक कर जबरन रुकवा लिया। इसके बाद वे बस में चढ़ गए और चालक व कंडक्टर से गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
हमलावरों ने कंडक्टर को लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीटा। इस अचानक हुए हमले से बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
बस चालक नूर आलम की तहरीर पर लीलापुर पुलिस ने तौसीफ और फैज सहित चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बस की सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ लालगंज राजीव द्विवेदी ने बताया कि बस में हुई मारपीट की घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने पुष्टि की कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।


