हरदोई में मामूली विवाद बना खूनी वारदात, दिहाड़ी मजदूर ने पत्नी की सिलबट्टे से की हत्या; आरोपी फरार
उप्र के हरदोई जनपद के कासिमपुर थाना क्षेत्र के गौरी दायमपुर गांव में शुक्रवार देर शाम घरेलू विवाद के बाद एक दिहाड़ी मजदूर ने अपनी पत्नी की सिलबट्टे से वार कर हत्या कर दी।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के कासिमपुर थाना क्षेत्र के गौरी दायमपुर गांव में शुक्रवार देर शाम घरेलू विवाद के बाद एक दिहाड़ी मजदूर ने अपनी पत्नी की सिलबट्टे से वार कर हत्या कर दी।
सिर पर गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, गौरी दायमपुर निवासी कुंज बिहारी दिहाड़ी मजदूरी करता है। शुक्रवार शाम करीब सात बजे किसी बात को लेकर उसका अपनी 35 वर्षीय पत्नी मोनी से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने घर में रखे सिलबट्टे से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण मोनी की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, कुंज बिहारी शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। शुक्रवार को भी नशे में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और महिला की जान चली गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
बताया गया कि दंपती का तीन वर्षीय बेटा युवराज है। घर में आए दिन होने वाले झगड़ों से परेशान होकर महिला ने पांच दिन पहले ही बेटे को अपने जेठ भगवान के पुत्र सचिन के साथ दिल्ली भेज दिया था। घटना के समय बच्चा घर पर मौजूद नहीं था।
परिजनों के मुताबिक, कुंज बिहारी और मोनी की शादी वर्ष 2017 में लखनऊ में आयोजित एक सामूहिक विवाह सम्मेलन में हुई थी। मृतका का मायका लखनऊ के चौक क्षेत्र में है। यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी ने हाल ही में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से बैंक से 60 हजार रुपये निकाले थे।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ संडीला संतोष कुमार सिंह,कासिमपुर थानाध्यक्ष धनश्याम राम पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


