जालौन: नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

उप्र के जालौन जनपद के थाना गोहन क्षेत्र के ग्राम मंडोरी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।

जालौन: नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के जालौन जनपद के थाना गोहन क्षेत्र के ग्राम मंडोरी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान संतोषी उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है, जिसकी शादी लगभग दो माह पहले ही हुई थी।

मायके पक्ष का आरोप है कि महिला की हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। आरोपों के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम मंडोरी निवासी आशीष कुमार प्रजापति पुत्र राजाबाबू उर्फ लला के घर विवाहिता की मौत हुई। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग ग्राम नैनापूर से मौके पर पहुंचे और उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

घटना की जानकारी मिलते ही गोहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।