हरदोई में हाईवे पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी और बेटी की मौत, मचा कोहराम
उप्र के हरदोई जनपद में कटरा बिल्हौर हाईवे पर हरपालपुर थाना क्षेत्र में आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी और बेटी की मौत हो गई।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई /जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में कटरा बिल्हौर हाईवे पर हरपालपुर थाना क्षेत्र में आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी और बेटी की मौत हो गई। बाइक सवार दंपत्ति घर से बेटी की दवाई लेने जा रहे थे,तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही सभी की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहीं ट्रक चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया,पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र के ईशेपुर गांव के रहने वाले मोनू (32) पत्नी नीलम (30) और 10 वर्षीय बेटी लक्ष्मी की घर से दवाई लेने बाइक से निकले थे। मोनू बाइक चला रहा था और बेटी की दवा लेने के लिए सांडी जा रहा था,तभी थाना हरपालपुर के ककरा गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परख़च्चे उड़ गए और मौके पर ही मोनू, नीलम और लक्ष्मी की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंच कर ट्रक को कब्जे में लिया और मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। फिलहाल एक परिवार में तीन मौत से गांव में कोहराम मच गया है। वहीं पुलिस फरार ट्रक ड्राइवर की खोज में जुटी है और जल्द ही उसे पकड़ने का दावा कर रही है।
सीओ हरपालपुर सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आज शाम करीब 4 बजे थाना हरपालपुर रोड स्थित सांडी हरपालपुर रोड ग्राम ककरा पर सांडी की और से आ रहे एक कंटेनर व हरपालपुर की ओर आ रहे एक मोटर साइकिल सवार जिसमे पति पत्नी और उनकी पुत्री थे।
मोटरसाइकिल चालक ट्रक की तरफ जाकर ट्रक से टकरा गया। मोटरसाइकिल सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें उपचार हेतु सीएचसी हरपालपुर लाया गया जहां चिकित्सकों द्वारा तीनों को मृत घोषित कर दिया।
तीनो के नाम मोनू पुत्र राकेश उम्र लगभग 32 वर्ष है नीलम पत्नी मोनू 30 वर्ष और उनकी पुत्री लक्ष्मी जिसकी उम्र 10 वर्ष है।पुलिस द्वारा पंचायत नामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है ट्रक चालक फरार अन्य वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।

Janmat News 
