मंदिर से घन्टे चोरी करने वाले शातिर चोरों से पुलिस की मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, दो गिरफ्तार

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से बुलंदशहर, हाथरस और अलीगढ़ क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों को निशाना बना रहा था।

मंदिर से घन्टे चोरी करने वाले शातिर चोरों से पुलिस की मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, दो गिरफ्तार
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

बुलंदशहर से सत्यवीर सिंह की रिपोर्ट —

बुलंदशहर/जनमत न्यूज। थाना डिबाई पुलिस और स्वाट टीम देहात ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मंदिर से घन्टे चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह के दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह मुठभेड़ सूरजपुर-मखेना के पास नहर किनारे हुई, जहां पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसके दौरान एक बदमाश घायल हो गया।

घायल बदमाश की पहचान ताज मोहम्मद उर्फ बसइया, निवासी जनपद हाथरस, जबकि पकड़े गए दूसरे बदमाश की पहचान हम्मू उर्फ भूरा, निवासी जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। दोनों पर विभिन्न जिलों में चोरी की घटनाओं में शामिल रहने के आरोप हैं, विशेषकर मंदिरों से घन्टे चोरी करने में इनकी सक्रियता की पुष्टि हुई है।

पुलिस ने मौके से अवैध असलहा, कारतूस, चोरी किए गए घन्टे, बाइक और लोहे का कटर बरामद किया है, जिसका उपयोग मंदिरों में वारदात के दौरान किया जाता था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से बुलंदशहर, हाथरस और अलीगढ़ क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों को निशाना बना रहा था।

घायल ताज मोहम्मद को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस इनसे जुड़े अन्य साथियों और चोरी की अतिरिक्त वारदातों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। इस सफल मुठभेड़ की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है और पुलिस इसे धार्मिक स्थलों पर हो रही चोरियों पर बड़ी कार्रवाई मान रही है।