हमारी राजनीति सत्ता के लिए नहीं, देश व किसानों के हितों की रक्षा के लिए है: शिवराज सिंह चौहान
उप्र के मथुरा जनपद पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमेरिका-भारत डील व किसानों के हितों को लेकर बड़ा बयान दिया है।
मथुरा से सैयद जाहिद की रिपोर्ट
मथुरा/जनमत न्यूज़। उप्र के मथुरा जनपद पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमेरिका-भारत डील व किसानों के हितों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ़ शब्दों में कहा कि उनकी राजनीति सत्ता के लिए नहीं, बल्कि देश को बचाने और किसानों के हितों की रक्षा करने के लिए है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए शिवराज चौहान ने कहा “हम देश को बचाने की राजनीति करते हैं, जबकि वे सिर्फ सत्ता के लिए राजनीति करते हैं।” अमेरिका और भारत के बीच होने वाली डील को लेकर उठ रहे सवालों पर शिवराज चौहान ने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सरकार हर फैसले में देश के अन्नदाता को प्राथमिकता देगी।
लोकसभा में हाल ही में हुए हंगामे को लेकर शिवराज सिंह चौहान ने कोई भी प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया और इस मुद्दे पर चुप्पी साधे रखी। इसके साथ ही उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के हालिया बयान का समर्थन करते हुए कहा कि राष्ट्रहित और सामाजिक समरसता पर दिए गए विचार देश को सही दिशा दिखाते हैं।
शिवराज सिंह चौहान के इस बयान से साफ़ है कि सरकार किसानों और राष्ट्रहित को लेकर किसी भी तरह का समझौता करने के मूड में नहीं है, जबकि विपक्ष इस मुद्दे पर लगातार सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है।
अब देखना यह होगा कि अमेरिका-भारत डील को लेकर आगे की सियासत किस मोड़ पर जाती है। शिवराज सिंह चौहान ने एक शादी समारोह में शामिल होकर वर वधु को आशीर्वाद दिया उसके बाद गोवर्धन स्थित गिरिराज पर्वत की। परिवार के साथ गोल्फ कार से परिक्रमा देकर भगवान के दर्शन कर मन्नत मांगी

Janmat News 
