वेनेजुएला पर ऐक्शन के बाद डोनाल्ड ट्रंप की दो और देशों को धमकी, कहा- ऐसा ही हाल होगा
अमेरिकी सैनिकों ने 'ऑपरेशन ऑब्सेल्यूट रिजॉलूशन' चलाकर बीते सप्ताह वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अरेस्ट कर लिया था।
वॉशिंगटन/जनमत न्यूज़। अमेरिकी सैनिकों ने 'ऑपरेशन ऑब्सेल्यूट रिजॉलूशन' चलाकर बीते सप्ताह वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अरेस्ट कर लिया था। उन्हें अमेरिका लेकर आया गया है और उनकी पत्नी भी साथ हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला में एक अच्छा नेतृत्व स्थापित करने की बात कही है और तब तक अमेरिका द्वारा शासन चलाने की भी जानकारी दी है।
इस बीच उन्होंने कोलंबिया और क्यूबा को भी धमकी दी है। उन्होंने कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो को भी धमकी दी और कहा कि वहां के नेता भी वेनेजुएला की तरह ही शासन कर रहे हैं। उनका इतना ही काम है कि कोकीन बनाओ और फिर उसे अमेरिका में बेच दो।
वेनेजुएला में भी अमेरिका ने यही कहते हुए हमला किया था कि वहां पर ड्रग्स का कारोबार चल रहा है। ऐसे में कोलंबिया को लेकर उनकी धमकी भी चिंता बढ़ाने वाली है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने क्यूबा को लेकर भी ऐसी ही धमकी दी और कहा कि वहां भी सरकार कभी भी गिर सकती है।
डोनाल्ड ट्रंप ने एयरफोर्स वन पर सवार होने के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि निकोलस मादुरो को अगवा किए जाने के बाद भी हम मिलिट्री ऐक्शन के लिए तैयार थे। ट्रंप ने कहा कि कोलंबिया और वेनेजुएला दोनों ही देशों की हालत खराब है।
ट्रंप का सीधा हमला- एक बीमार आदमी चला रहा कोलंबिया सरकार
उन्होंने कहा कि बोगोटा में एक बेहद बीमार आदमी के द्वारा सरकार चलाई जा रही थी, जो कोकीन तैयार करता है और उसे अमेरिका में बेच देता है। उनकी यह टिप्पणी सीधे तौर पर कोलंबिया के लिए धमकी मानी जा रही है। पेट्रो की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह ज्यादा दिन तक चलने वाले नहीं हैं।
यही नहीं, जब उनसे पूछा गया कि क्या आप कोलंबिया के नेता के बारे में बात कर रहे हैं तो ट्रंप ने कहा कि आप शायद ठीक समझ रहे हैं। इसके आगे उन्होंने इस बात पर भी हामी जताई कि कोलंबिया पर भी ऐसा ही ऑपरेशन हो सकता है।
कोलंबिया के नेता भड़के, बोले- मानव इतिहास में ऐसा पहली बार
वहीं इस बात पर कोलंबिया के नेता भड़क गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई के विरुद्ध लैटिन अमेरिका के सभी देशों को एकजुट होना होगा। आखिर कैसे अमेरिका हमें गुलाम या नौकर जैसा समझकर बर्ताव कर सकता है।
उन्होंने कहा कि मानव इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब साउथ अमेरिका के किसी देश की राजधानी पर इस तरह बमबारी की गई। ऐसा करने वाला एकमात्र देश अमेरिका ही है। उन्होंने कहा कि यह मौका है, जब लैटिन अमेरिका एक हो सकता है। हमें अपनी ताकत को समझना होगा।

Janmat News 
