फतेहपुर में रफ्तार का कहर: बेकाबू बोलेरो की टक्कर से बाबा और नाती गंभीर घायल
हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —
फतेहपुर/जनमत न्यूज। जनपद फतेहपुर के असोथर थाना क्षेत्र अंतर्गत मटिहा-सरकंडी मार्ग पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक बेकाबू बोलेरो ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार बाबा और उनका नाती गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों बाइक सवार किसी कार्य से जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने अनियंत्रित होकर उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
असोथर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर फरार चालक की तलाश में जुटी है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर चिंता जताते हुए पुलिस से नियमित चेकिंग और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Janmat News 
